संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। रिटायर कर्मचारी संघ ने रविवार को सीटू कार्यालय में बैठक की। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान शीशपाल मलिक और मंच का संचालन जिला कैशियर मोहर सिंह ने किया।
राज्य के वरिष्ठ उप प्रधान बलवान सिंह नांदल ने बताया कि 17 सितंबर को अखिल भारतीय राज्य पेंशनर फेडरेशन के आह्वान पर जंतर मंतर पर पूरे देश के रिटायर कर्मचारियों ने धरना दिया और प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन दिया था। इसमें मुख्य रूप से 31 दिसंबर से पहले रिटायर कर्मचारी को आठवें वेतन का लाभ न देने के विधेयक को वापस लेने की मांग की गई है। अगर केंद्र सरकार ने यह बिल वापिस नहीं लिया, तो देश में राज्य राजधानी में प्रदर्शन करके गवर्नर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। यदि केंद्र सरकार द्वारा फिर भी यह विधेयक वापिस नहीं लिया तो 17 और 18 फरवरी 2026 को कुरुक्षेत्र में अखिल भारतीय राज्य पेंशनर फेडरेशन का दो दिन का ( महापड़ाव ) सम्मेलन होगा, जिसमें आगामी आंदोलन की घोषणा की जाएगी। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में 65 वर्ष की आयु में 10 व 70 वर्ष की आयु में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी, मेडिकल सुविधा केशलेस देने व मेडिकल भत्ता तीन हजार रुपये प्रतिमाह देने, छह माह की सेवा के बाद एक वार्षिक वृद्धि दी जाए, वॉल्वो बसों व रेल के किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाए, कोरोना काल का 18 महीने का बकाया एरियर दिया जाए, काॅम्यूटेशन 10 बरस आठ माह के बाद बंद की जाए आदि हैं। इस अवसर पर ईश्वर सिंह, जय भगवान, श्याम सुंदर, रामभज, ईश्वर कुहाड़ ,कृष्ण कुमार ,ऋषि राम, अशोक कुमार, जय सिंह, लाल सिंह उपस्थित रहे।