पानीपत। जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ के अंतर्गत साप्ताहिक समीक्षा बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार के प्रधान सचिव व उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने की। इस दौरान लंबित शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निपटारे के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।
यह बैठक मुख्य सचिव कार्यालय हरियाणा सरकार के निगरानी एवं समन्वय प्रकोष्ठ के तहत आयोजित की गई। प्रधान सचिव राजीव रंजन ने वर्चुअल समीक्षा की और लंबित शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निपटारे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित मामलों का जल्द निपटारा कर दिया जाएगा। संवाद