कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन की वजह से बिजली निगम ने अपने उपभोक्ताओं को बिल भरने में राहत दी है। जिन उपभोक्ताओं के बिल भरने की देय तिथि 3 मई से 24 मई के बीच है, वे 3 जून तक बिना सरचार्ज के बिल भर सकते हैं। वीरवार को आदेश जारी करते हुए बिजली निगम के चीफ इंजीनियर ने कहा कि लॉकडाउन लगने से लोग बिल जमा करवाने में असमर्थ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 3 मई से लेकर 24 मई तक सरकार के आदेशों पर प्रदेश में लॉकडाउन भी रहा है। वहीं, निगम कर्मचारी तक कोरोना की चपेट में आए हैं। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि जितना मुनासिब हो, लोगों से ऑनलाइन मोड के जरिए बिल का भुगतान करवाया जाए। इसलिए बिजली निगम की आईटी सेल भी काम कर रही है। इससे लोग भी निगम कार्यालय में आने से बचेंगे और कोरोना की चेन को तोड़ने में भी सहायता मिलेगी। जिले भर में बिजली निगम के करीब सवा तीन लाख उपभोक्ता हैं, जो इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
ऑनलाइन मोड का प्रयोग करने के लिए उपभोक्ताओं को कर रहे जागरूक : एसडीओ
सब अर्बन सब डिविजन के एसडीओ आदित्य कूंडू ने बताया कि उपभोक्ताओं को ऑनलाइन मोड अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिससे लोग निगम कार्यालय में आए बगैर ही बिजली बिल का भुगतान करें। उपभोक्ता अपने मीटर की रीडिंग ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।