पानीपत। इनेलो जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई डॉ. जयदीप राठी की हत्या की खबर के बाद परिजनों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दो माह पहले उनके फार्म हाउस पर हमला हुआ था। हमलावर रात को अंदर घुस गए थे, जिनमें से एक को पकड़कर पुलिस को सौंपा था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। यहां तक तक प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की गई। शुक्रवार को इनेलो कार्यकर्ताओं ने पंचायत बुलाई तो सदर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि उस प्रकरण में शनिवार तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।
परिजनों ने बताया कि जयदीप राठी ने जीटी रोड पर बाबरपुर मंडी से कुछ आगे करीब 4000 वर्गगज का फार्म हाउस खरीदा था। जिस पर दूसरा पक्ष अपना अधिकार बता रहा था। नौ अक्तूबर की रात को कुछ हमलावर उनके फार्म हाउस में घुस गए थे और वहां पर तैनात चौकीदारों से मारपीट की थी, इनमें से एक हमलावर घायल भी हुआ था। जयदीप राठी ने इस मामले की शिकायत थाना सदर पुलिस को दी थी। कुलदीप राठी ने बताया कि उस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, वह बार-बार अधिकारियों के चक्कर काटते रहे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
27 दिसंबर को उनके भाई लापता हो गए। उन्होंने उन्हीं आरोपियों का पर शक जाहिर किया, फिर भी पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया। जब कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने शुक्रवार को गांजबड़ गांव में पंचायत बुलाई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा भी पहुंचे और सदर थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एसपी ने थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया था। डीएसपी नरेंद्र कादियान ने पंचायत में पहुंचकर यह जानकारी दी थी।
बोले परिजन- पुलिस कार्रवाई करती यह वारदात नहीं होती
परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस दो माह पहले हुए हमले में कार्रवाई कर देती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती। उधर, इनेलो के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल रोड ने बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। पुलिस ने इस प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं की। जिस कारण यह बड़ी वारदात हुई। यदि पुलिस कार्रवाई कर देती तो ऐसा नहीं होता। उन्होंने कहा कि इस मामले में इनेलो के सभी कार्यकर्ता परिवार के साथ हैं।
पुलिस ने चौकीदार के भी दर्ज किए बयान
चौकीदार मुकेश ने बताया कि फार्म हाउस पर निर्माण कार्य चल रहा है। 27 दिसंबर को आखिरी बार जयदीप राठी ने निर्माण कार्य के लिए उनसे बात की थी। दो दिन पहले उनके पास पुलिस टीम आई थी। पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए हैं। रविवार को भी पुलिस टीम फार्म हाउस पहुंची थी और जांच की थी।
दिनभर लगा रहा नेताओं का तांता
जब से कुलदीप राठी के भाई की हत्या होने की खबर सामने आई है उनके आवास पर लोगों की भीड़ लगी है। दोपहर बाद से ही लोग उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारियों ने आवास पर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया।