पानीपत। जिले के कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए चल रही आवेदन प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। अब 26 जून से दाखिले की दौड़ शुरू होगी। दाखिला प्रक्रिया को लेकर पंजीकरण करवा चुके अभ्यर्थियों में उत्साह बना हुआ है। स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट 25 जून को जारी होगी। आवेदन के अंतिम दिनों में आवेदन प्रक्रिया में तेजी देखने को मिली। हालांकि अंतिम तिथि बढ़ाने के बावजूद प्रदेश में आवेदन के अंतिम दिन करीब 75 प्रतिशत सीटों के लिए पंजीकरण हो सके हैं। रिक्त सीटों की स्थिति को देखते हुए कॉलेजों में आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ाई जा सकती है। हालांकि पानीपत शहर के प्रमुख कॉलेजों में कुल सीटों के मुकाबले दो गुणा से अधिक आवेदन हो चुके हैं।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने कॉलेजों में दाखिले के लिए जारी शेड्यूल में बदलाव किया हुआ है। अब कॉलेजों में दाखिले के लिए पहली प्रोविजनल मेधा सूची 18 की बजाय 25 जून को जारी होगी। विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन में हुई त्रुटि को ओटीपी बेस पर 17 जून तक ठीक कर सकेंगे जबकि दस्तावेजों की जांच 22 जून तक होगी। 25 जून को पहली प्रोविजनल तथा 26 जून को पहली फाइनल मेधा सूची जारी होगी। विद्यार्थी 27 से 30 जून तक फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। दूसरे दौर की प्रोविजनल मेधा सूची 02 जुलाई को जारी होगी। अभ्यर्थी 04 से 07 जुलाई तक फीस जमा करवा सकेंगे। वहीं, दूसरे दौर की काउंसलिंग के बाद कक्षाएं शुरू होंगी। कॉलेजों में दाखिले के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य किए गए हैं।
बॉक्स
जिले में आवेदन की स्थिति
जिले के विभिन्न कॉलेजों में 14 हजार से अधिक अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। सबसे ज्यादा पंजीकरण आर्य कॉलेज, एसडी कॉलेज और आईबी कॉलेज में हुए हैं। आर्य पीजी कॉलेज में 2540 सीटों के लिए करीब 3600 अभ्यर्थी, एसडी पीजी कॉलेज में 1950 सीटों के लिए करीब 3400 अभ्यर्थी और आईबी पीजी कॉलेज में 1540 सीटों के लिए करीब 2800 अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। वहीं, राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-18 में भी 840 सीटों के लिए 1800 से अधिक अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।
बॉक्स
14 कॉलेजों में 11260 सीटों पर होगा दाखिला
जिले के 14 कॉलेजों में 11260 सीटों पर दाखिला किया जाएगा। इनमें चार राजकीय, 5 राजकीय सहायता प्राप्त तथा 5 सेल्फ फाइनेंस कॉलेज शामिल हैं। जिले में इस बार 15500 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की है। इसमें हरियाणा बोर्ड के 10175 विद्यार्थी तथा सीबीएसई के 5450 विद्यार्थी शामिल हैं। ऐसे में अपनी-अपनी सीटों को भरने के लिए काॅलेज प्रशासन द्वारा भी पूरा जोर लगा दिया गया है।
वर्जन-
स्नातक कक्षाओं में आवेदन प्रक्रिया आज पूरी हो चुकी है। अब सात जुलाई तक दो मेधा सूची जारी की जाएगी। वहीं नौ जुलाई से ओपन काउंसलिंग के तहत रिक्त सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। कॉलेज में 2540 सीटों के लिए करीब 3600 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, आर्य महाविद्यालय, पानीपत।
वर्जन-
आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। काॅलेज में 1950 सीटों पर करीब 3400 आवेदन हो चुके हैं। अब विद्यार्थियों को शेड्यूल के अनुसार मेधा सूची के आधार पर दाखिले किए जाएंगे।
- डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी महाविद्यालय, पानीपत।