पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना सदर क्षेत्र स्थित रिफाइनरी में काम करने वाले श्रमिक मो. हसीन (45) की रिफाइनरी में ही बने कमरे में मौत हो गई। दो दिन तक काम पर नहीं जाने पर साथी उनके कमरे पर पहुंचे तो अंदर से दुर्गंध आई। इसमें बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों को भी फोन पर सूचना दी है। बुधवार तक परिजन पानीपत पहुंचेंगे।
सदर थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के नूरपुर निवासी मो. हसीन का शव उनके कमरे में पड़ा है। हसीन रिफाइनरी में काम करते थे। शनिवार को ड्यूटी के बाद वह कमरे पर चले गए। इसके बाद रविवार को छुट्टी थी। सोमवार को भी वह ड्यूटी पर नहीं आए थे।
मंगलवार को भी जब वह डयूटी पर नहीं गए तो उनके साथी कमरे पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था और दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों को फोन पर इसकी सूचना दी गई है। बुधवार को परिजन बिहार से पानीपत पहुंचेंगे। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी।