पानीपत। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट ने यूपी पीजी दाखिले के विद्यार्थियों को परेशान कर दिया है। वेबसाइट पर फार्म भरने के बाद फीस ऑनलाइन जमा कराई, लेकिन फिर भी वेबसाइट पर दोबारा फीस भरने का विकल्प दिखा रहा है। अलग-अलग पाठ्यक्रमों के लिए करीब 12 से 15 हजार तक फीस भरने के बाद भी वेबसाइट पर न तो ऑनलाइन कार्ड मिल रहा है न ही फीस की रसीद मिल रही है।
विद्यार्थी फीस कटौती की जानकारी के लिए बैंकों के चक्कर काट रहे हैं। वहां जाकर पता चल रहा है कि अकाउंट से रकम विश्वविद्यालय के अकाउंट में जा चुकी है। इसके बाद यूनिवर्सिटी में चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिसके बाद ही समस्या का समाधान हो पा रहा है।
साइबर कैफे संचालकों ने बताया कि वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही है, जिससे समस्या आ रही है। गुलाटी रोड स्थित अनिल साइबर कैफे के संचालक अनिल ने बताया कि रोज 100 में से 20 विद्यार्थियों के साथ ऐसा हो रहा है। इसका समाधान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय जाने पर ही मिल रहा है।
-
विद्यार्थियों ने कहा...
विवि जाने के बाद हुआ समाधान
फीस भरने के बाद भी रसीद नहीं आई न ही आईडी कार्ड मिला। दो दिन बैंक के चक्कर लगाए, फिर विश्वविद्यालय जाने के बाद समाधान हुआ।
- अमित गाहल्याण, करहंस
तीन बार लगा चुका बैंक की दौड़
एमए इतिहास का फार्म भरने के बाद फीस जमा की थी। न तो रसीद मिली न ही अब तक आईडी कार्ड जारी हुआ। परेशान हो रहा हूं। तीन बार बैंक और साइबर कैफे भी जा चुका हूं।
- सोनू सिंह, छाजपुर