समालखा। टमाटर के दाम पांच दिनों में चार गुणा बढ़कर 80 रुपये किलो हो गया है। वहीं घीया 20 से 30 रुपये, खीरा 20 से 40 और गोभी 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। सब्जियां के रेट दोगुने होने का सीधा असर ग्राहकों की जेब पर दिखाई दे रहा है।
समालखा मंडी एसोसिएशन प्रधान संजय बैनीवाल ने बताया कि मंडी में लोकल टमाटर की आवक खत्म हो गई है। हिमाचल प्रदेश से टमाटर मंगाया जा रहा है। वहां टमाटर की अच्छी पैदावार हुई है। एकाएक ज्यादा बारिश होने के कारण अब रास्ते भी बंद हो गए है, इससे भी टमाटर के रेट ने तेजी पकड़ी है। फिलहाल मंडी में टमाटर की कम आवक है। प्रदेश में ज्यादा बारिश होने के कारण सब्जियों को नुकसान पहुंचा है। उनका अनुमान है कि अगले 20 दिनों तक सब्जियों के भाव बढ़े रहेंगे।
सब्जी महंगी होने पर रसाेई भी खाली हो गई है। इससे लाेगों की सब्जी का जायका भी बिगड़ गया है। माता पूली निवासी हरिओम और कपूर सिंह ने बताया कि सब्जी महंगी होने से कुछ भी खाने का मन नहीं करता। बारिश में पहली बार इस तरह एकाएक सब्जी महंगी हुई है। अब टमाटर 80 रुपये किलोग्राम तक पहुंच गया है।