फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दहशत के वो नौ घंटे

विज्ञापन
पानीपत। अपनी इस रेंज रोवर कार में सवार होकर गए थे नरेश अग्घी । - फोटो : panipat
विज्ञापन
दहशत के वो 9 घंटे की दास्तां सुनाते हुए नरेश अग्घी ने बताया कि सभी बदमाशों के हाथों में पिस्तौल थी। उन्होंने मारपीट करते हुए उसे उसकी गाड़ी से उतारा व बदमाशों ने अपनी आई-20 कार में उसे डाला। कार में डालने के बाद बदमाशों ने उसकी खूब पिटाई की। इतना ही नहीं बदमाश उसे बंधक बना सौदापुर मोड़ से कुंडली बॉर्डर तक ले गए। इस पूरे रास्ते में भी उन्होंने बात-बात पर उसके साथ मारपीट की। बदमाशों ने उससे उसे छोड़ने की 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। जिस पर नरेश ने कहा कि वो इतनी मोटी रकम नहीं दे सकता, तो बदमाशों ने उसके मुंह पर कई घूसे मारे। नरेश बदमाशों की बात का जवाब उनके अनुसार नहीं दे रहा था, तो बदमाश उस पर लात-घूसों से हमला कर देते थे। शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार सुबह 6 बजे तक बदमाशों ने नरेश को बंधक बनाए रखा व उसके साथ गाली-गलौज सहित खूब मारपीट की।
विज्ञापन

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के वकील के उद्यमी पिता का सौदापुर मोड़ के पास से आई-20 कार सवार हथियारों से लैस बेखौफ 5 बदमाशों ने अपहरण कर लिया। बदमाशों ने मॉडल टाउन निवासी जमींदार को 9 घंटे तक बंधक बनाए रखा व उसके साथ रात भर मारपीट की। सुबह 6 बजे बदमाशों ने अपहृत के बेटे से 20 लाख रुपये की फिरौती लेकर उसे छोड़ा। साथ ही पिता-पुत्र को इस बारे में पुलिस या किसी को भी बताने पर भविष्य में जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने इसकी शिकायत मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज पीड़ित पिता की निशानदेही पर वारदात स्थल का दौरा किया। वहीं बदमाशों की लगातार 9 घंटे की मार से गंभीर रूप से घायल हुए पिता को उसका बेटा दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गया। पूरे मामले में पुलिस की सीआईए-टू सहित मॉडल टाउन थाना पुलिस जांच कर रही है। बता दें कि पीड़ित के घर के पास ही भाजपा के करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय भाटिया का भी आवास है।
सौदापुर खेतों में हो रही धान की रोपाई, खराब ट्रैक्टर को चेक करने गया, रास्ते में हुआ अपहरण : पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि मॉडल टाउन 41 एल निवासी नरेश अग्घी (55) पेशे से जमींदार है। उनके पास कुल 72 एकड़ जमीन है। जिसमें से सौदापुर गांव के 22 एकड़ जमीन पर खेतों में धान की रोपाई चल रही है। शुक्रवार रात 8 बजे खेत से नौकर का फोन आया। जिसने ट्रैक्टर खराब होने की बात कही। इस बात को सुन कर नरेश ट्रैक्टर देखने के लिए घर से करीब 8.20 पर अपनी रेंज रोवर कार में सवार होकर खेतों के लिए रवाना हो गया। करीब पौने 9 बजे जब वो सौदापुर शराब के ठेके के पास सौदापुर मोड़ पहुंचा, तो इसी दौरान वहां आई-20 कार आई, जिन्होंने नरेश की कार की आगे उनकी कार को अड़ा दिया। कार रूकते ही कार में से 5 बदमाश उतरे। सभी बदमाश हथियारों से लैस थे। उन्होंने कार से नीचे उतरते ही नरेश की गाड़ी की ड्राइवर साइड की खिड़की खोली व मारपीट करते हुए उसे नीचे उतार लिया। इसके बाद 4 बदमाश उसे मारपीट करते हुए उनकी आई-20 कार तक ले गए। जिन्होंने नरेश को पिछली सीट पर पैरों के नीचे बैठा दिया। दो बदमाश आगे व दो बदमाश पीछे बैठ गए। एक बदमाश नरेश की रेंज रोवर कार को चलाने लगा। दोनों कार को कुंडली बॉर्डर के पास ले गए।
विज्ञापन

नहीं खुला मोबाइल का फेसलॉक वाला लॉक, फिर पीटा : नरेश के बेटे सुप्रीम कोर्ट के वकील चिराग ने शुक्रवार रात पौने 12 बजे अपने पिता के घर न आने पर उनको फोन किया। फोन आने पर इनकमिंग कॉल पर लॉक लगा हुआ था। जो लॉक नरेश का फेसलॉक था। फोन किसका आया है, ये देखने के लिए बदमाशों ने नरेश को उसका लॉक खोलने के लिए कहा। नरेश ने उसके चेहरे से उसका फोन अनलॉक करना चाहा, तो मुंह पर बहुत ज्यादा चोट लगने, मुंह सूजने के कारण वो अनलॉक नहीं हो सका। जिस पर बदमाश तैश में आ गए। उन्होंने फिर नरेश के साथ और ज्यादा मारपीट की। इसके बाद नरेश का मुंह और भी ज्यादा बिगड़ गया व पूरा मुंह सूज गया।
फोन हो गया था स्विच ऑफ, आधा घंटा कार में चार्जिंग कर किया ऑन, फिर सुनी बेटे की कॉल : बेटे का फोन एक बार आया, पूरी बेल बजने के बाद पिता नरेश का फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद उसके मोबाइल फोन को कार में ही चार्जिंग पर लगाया। करीब आधा घंटा चार्जिंग लगाने के बाद फोन को ऑन किया गया। बेटा लगातार उसके पिता को फोन कर रहा था। फोन ऑन होते ही बेटे की फिर से कॉल आ गई। इसके बाद बदमाशों ने नरेश से फोन का पासकोर्ड पूछ कर फोन अनलॉक किया व बेटे चिराग की कॉल सुनी।
तेरा बाप म्हारे कब्जे में है, बाप चाहिए तो 20 लाख लेकर मुरथल अड्डे आ जा : बेटे से बात करने पर बदमाशों ने कहा कि तेरा बाप म्हारे कब्जे में है। अगर बाप चाहिए, तो 20 लाख रुपये लेकर मुरथल अड्डे पर आ जा। ज्यादा चालाकी की या पुलिस को बताया, तो तेरे बाप को जान से मार देंगे। इतना कहने पर बदमाशों ने फोन कट कर दिया। बेटे ने फिर से फोन किया, तो बदमाश बोले, तौला आज्या मुरथल अड्डे पै, न तो ज्यादा देर की कहानी कोणी तेरे बाप की। जिस पर बेटे ने कहा कि वो रुपयों का इंतजाम कर रहा है, जल्द ही आ जाएगा। मेरे पिता को कुछ नहीं करना। इसके बाद चिराग व अन्य परिजनों ने रिश्तेदारों, मित्रों और पड़ोसियों से उधार लेकर 20 लाख रुपये इकट्ठे किए और बदमाशों को देने के लिए मुरथल के लिए रवाना हो गए। पानीपत से मुरथल के रास्ते बेटा बदमाशों ने लगातार फोन पर संपर्क बनाए हुए था।
जगह से वाकिफ थे बदमाश, बताए गए समय और जगह पर नहीं था कोई परिंदा भी : नरेश के अपहरण करने के समय से लेकर उसे कुंडली बॉर्डर तक ले जाना और फिर बेटे को 20 लाख रुपये लेकर मुरथल अड्डे पर बुलाना। जिस जगह और रुपये लेकर बुलाया, उससे स्पष्ट हो रहा है कि बदमाश हर चीज से वाकिफ थे। रुपये लेकर बेटा चिराग अल सुबह करीब साढ़े 3 बजे मुरथल अड्डे पहुंचा। जहां पहुंचने के बाद बदमाशों ने चिराग को कहा कि वो उसकी गाड़ी को अड्डे से मुरथल गांव की ओर ले ले। गांव में करीब दो किलोमीटर अंदर घुसने पर बदमाशों ने एक रजबाहे के नजदीक सुनसान रास्ते पर सुनसान जगह पर रुपये रखने को कहा। चिराग ने कहा कि उनकी गाड़ी के आगे और पीछे कोई भी वाहन नहीं था, न ही कोई अन्य व्यक्ति था। फिर भी बदमाश ये कह रहे थे कि उन्हें उनकी गाड़ी दिख रही है व उन्होंने हर उस जगह पर चिराग को टोका जहां भी उसने ब्रेक लगाई। यानी बदमाश पानीपत की अपहरण करने की जगह से मुरथल की हर वो जगह को भलि-भांति जानते थे, जहां उन्होंने पूरी वारदात को अंजाम दिया।
सुबह 4 से 6 बजे तक पिता को तलाशता रहा चिराग : 20 लाख रुपयों से भरा बैग सुनसान जगह पर रखने के बाद बदमाशों ने चिराग को कहा कि अब वो सोनीपत रोड पर गांव रेवली अपेक्स ग्रीन वाइट लिली बिल्डिंग के पास चला जाए, जहां उसे उसका पिता मिला जाएगा। इसके बाद चिराग बदमाशों की बताई उक्त जगह पर मुरथल से वापस सोनीपत रोड पर चला गया। उनकी बताई बिल्डिंग के पास जाकर देखा कि उसके पिता वहां नहीं था। वो सुबह 4 बजे से 6 बजे तक अपने पिता को तलाशता रहा। सुबह 6 बजे उक्त जगह से काफी आगे एक दुकान के बाहर चिराग ने उसके पिता को बैठा देखा। पिता बिल्कुल दहशत वाली हालत में थे। पिता से कुछ दूरी आगे उन्होंने उनकी रेंज रोवर गाड़ी खड़ी देखी। पिता और गाड़ी को लेकर वह पानीपत घर ले आया। सुबह 9 बजे के बाद सामान्य अस्पताल ले कर गए। जहां उसका मेडिकल करवाया और दोपहर एक बजे के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत दी।
वारदात हुई और इसमें मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए अभी ज्यादा जानकारी नहीं बता सकते हैं, लेकिन रविवार को हम बहुत कुछ बताने की स्थिति में होंगे।
विज्ञापन

- सुमित कुमार, एसपी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें