कुरुक्षेत्र। किरमिच गांव में हुए रामरतन हत्याकांड के चलते सोमवार को भी तनाव दिखाई दिया। सोमवार को चंडीगढ़ में पोस्टमार्टम होने के बावजूद मृतक का शव मंगलवार सुबह परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद करीब 11 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली लेकिन हालात पर निगरानी जारी रही।
सोमवार को मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गुस्सा जाहिर करते हुए केयूके थाना और डीसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार न करने और सड़क जाम करने की चेतावनी दी थी। पुलिस के आश्वासन पर कि सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे, परिजनों ने धरना समाप्त किया।
पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए रामरतन के शव का पोस्टमार्टम चंडीगढ़ में करवाने के बाद रात एलएनजेपी अस्पताल के शवगृह में अपनी निगरानी में रखा। मंगलवार सुबह शव परिजनों को सौंपा गया और पुलिस की देखरेख में अंतिम संस्कार करवाया गया। इस दौरान गांव में तनाव और गमगीन माहौल रहा। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। गांव के मौजिज लोगों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और पुलिस का सहयोग कर आरोपियों को पकड़वाने की अपील की।