पानीपत। थाना तहसील कैंप की जसबीर कॉलोनी में रविवार शाम को राकेश की हत्या के मामले में आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को अदालत में पेश किया। सीआईए-1 की टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई। साथ ही उसके कब्जे से हत्या के प्रयुक्त पेंचकस भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गाली देने का बदला लेने के लिए उसने राकेश की हत्या कर दी थी।
मूल रूप से यूपी के शाहजहांपुर निवासी शिव कुमार ने थाना तहसील कैंप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि वह दो साल से जसबीर कॉलोनी में रह रहे हैं। उनके पास वाले कमरे में उनके गांव के चाचा राकेश भी रहते थे। कॉलोनी का अमन उनकी पत्नी पर अक्सर अश्लील टिप्पणी करता था। जिसका उन्होंने विरोध किया था। रविवार को आरोपी ने करीब तीन बजे अमन ने उनकी पत्नी के पैर में ईंट मार दी थी। जिसके बाद वह भाग गया था। शाम को करीब छह बजे वह उनके घर पर आया और माफी मांगने के बहाने विवाद करने लगा। जब उनके चाचा राकेश ने इसका विरोध किया तो उसने हाथ में लिए पेंचकस से उनकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी थी। थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
मामले की जांच सीआईए-1 की टीम को सौंपी गई थी। सीआईए-1 प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि मंगलवार को आरोपी अमन को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपी सेपूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक राकेश ने उसे गोली दी थी। जिसका बदला लेने के लिए उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पेंचकस भी बरामद कर लिया।