माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। आषाढ़ मास के दूसरे दिन बुधवार को मौसम ने करवट ली और सुबह तड़के शुरू हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। जिले में सबसे अधिक 10-10 मिमी बारिश पानीपत शहर और बापौली क्षेत्र में दर्ज की गई। हालांकि, महज 10 मिमी बारिश ने ही शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी।
जीटी रोड, असंध रोड समेत एक दर्जन से अधिक प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे आसमान में काले बादल छाने के साथ बारिश शुरू हुई। शहर सहित पूरे जिले में रुक-रुककर बारिश होती रही। शहर में सुबह 11 बजे तक अच्छी बारिश हुई, जबकि दोपहर करीब तीन बजे तक हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।
जिले में पानीपत और बापौली में 10-10 मिमी, इसराना में चार मिमी, सनौली में तीन मिमी तथा मतलौडा में दो मिमी बारिश दर्ज की गई। उधर, बारिश के बाद शहर के जीटी रोड, गीता मंदिर के सामने, असंध रोड सहित एक दर्जन से अधिक प्रमुख सड़कों और गलियों में घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय निवासी अरुण कुमार, आशीष और दीपक ने कहा कि पहली ही बारिश में शहर के हालात बिगड़ गए हैं। ऐसे में मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका लोगों को परेशान कर रही है।
अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
-डॉ. सतपाल सिंह, प्रभारी कृषि विज्ञान केंद्र उझा
बारिश में जीटी रोड से गुजरते वाहन। संवाद- फोटो : shiv tripathi
बारिश में जीटी रोड से गुजरते वाहन। संवाद- फोटो : shiv tripathi