पानीपत। उत्तर रेलवे दिल्ली से अंबाला मुख्य लाइन पर तीसरी और चौथी लाइन का विस्तारीकरण करेगा। यह लाइन करीब 193 किलोमीटर लंबी होगी। रेलवे इस परियोजना के अंतर्गत जिले के 15 गांवों में करीब 11 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण करेगा।
दो और लाइनों के होने से रेल यात्रा सुगम होगी। इसके साथ तेज गति की ट्रेनों के संचालन की भी उम्मीद बढ़ गई है। रेलवे के तकनीकी अधिकारियों ने इसको लेकर वीरवार को जिला सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने रेलवे अधिकारियों के साथ इस विषय पर चर्चा की। उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन रेलवे को हर संभव मदद देने के लिए तैयार है। वे हर संभव सहयोग के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना के आने पर क्षेत्र का विकास होता है। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एसडीओ अश्विनी शर्मा, वन विभाग के अधिकारी जयकिशन के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।