सेक्टर 25 स्थित मित्तल मेगा मॉल में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पानीपत पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक बोगस ग्राहक भेजा, जिसके बाद पुलिस ने दबिश दी तो महिलाएं आपतिजनक स्थिति में मिलीं। जिसके बाद 11 युवतियों व तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं सभी स्पा सेंटर को सील कर दिया गया है।
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि उन्हें वीरवार को गुप्त सूचना मिली थी कि मित्तल मेगा मॉल में ग्राउंड फ्लोर पर स्पा सेंटर है, जिसमें देह व्यापार का धंधा चलता है। सूचना पर एक टीम गठित की गई है, जिसमें वह खुद, डीएसपी पूजा डाबला, थाना चांदनी बाग प्रभारी अंकित और सेक्टर 11-12 चौकी इंचार्ज विनित के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सेंटर में बोगस ग्राहक को साइन किया हुआ नोट देकर भेजा। नोट व अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश दी। जिसमें युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिली। उन्होंने 11 युवतियां और तीन युवकों को काबू किया है। स्पा सेंटर के काउंटर से जिस युवक को उन्होंने काबू किया है, वो खुद को सेंटर का संचालक बता रहा है। रेड के दौरान गिरफ्तार सभी युवक-युवतियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
किसी भी एंगल से देखने में नहीं लगता स्पा सेंटर
डीएसपी सतीश ने बताया कि पूरे स्पा सेंटर का निरीक्षण किया गया। इस सेंटर में स्पा सेंटर जैसी कोई खूबी नहीं थी। यह किसी भी एंगल से स्पा सेंटर नहीं लग रहा था।
एक जज डाल चुके हैं यहां रेड
गत साल पहले भी मित्तल मेगा मॉल में न्यायाधीश मोहित अग्रवाल ने रेड मारी थी। उस समय भी आपत्तिजनक हालत में युवक-युवतियां मिले थे। जिसके बाद स्पा सेंटर को बंद कर दिया था, लेकिन अब हाल ही में ग्राउंड फ्लोर पर चार स्पा सेंटर चल रहे थे, जिनमें से एक द डाइमंड स्पा सेंटर में डीएसपी ने रेड मारी।