माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। नई दिल्ली के सर्वोदय विद्यालय में पीटीआई (शारीरिक शिक्षक) और शामली के जलालपुर गांव निवासी अवधेश (36) की हत्या उसके दोस्त साहिल ने की थी। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बदरखा गांव निवासी साहिल ने उधार दिए रुपये वापस मांगने और चेक के वीडियो को डिलीट कराने को लेकर हुए विवाद में अवधेश के सिर में गोली मार दी थी।
हत्या के बाद शव को पानीपत सीमा में फेंक दिया था। सीआईए-वन ने आरोपी साहिल को उत्तर प्रदेश के छपरौली से गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में साहिल ने हत्या की वारदात कबूल की है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
मोबाइल और दस्तावेज लेकर हुआ फरार : हत्या के बाद आरोपी साहिल अवधेश का मोबाइल, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज लेकर मौके से फरार हो गया। 12 अगस्त को
रायमाल गांव के पास गंदे नाले की ड्रेन से अवधेश का शव बरामद हुआ था। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने मामले की जांच बापौली थाना पुलिस से लेकर सीआईए-वन को सौंप दी थी। पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी साहिल को छपरौली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्तौल, मृतक का मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद करने का प्रयास करेगी। साथ ही हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जाएगा।
पैसे लौटाने का बना रहा था दबाव, रकम की सुरक्षा के लिए दो चेक का वीडियो भी था मोबाइल में
सीआईए-वन प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि आरोपी साहिल बागपत जिले के बदरखा गांव का रहने वाला है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि साहिल और अवधेश की पुरानी दोस्ती थी। साहिल ने अवधेश से काफी रकम उधार ले रखी थी। अवधेश लगातार अपने रुपये वापस मांग रहा था। रकम की सुरक्षा के लिए अवधेश ने साहिल से दो चेक लिए थे। उसने चेक का वीडियो बनाकर अपने मोबाइल में सुरक्षित रखा हुआ था।
साहिल इस बात से रंजिश रखने लगा था। उसने हत्या की योजना बनाई और 11 अगस्त को रुपये देने के बहाने अवधेश को अपनी बाइक पर बैठाकर यमुना के कच्चे बांध की ओर हरियाणा सीमा में ले आया। यहां चेक और वीडियो को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान साहिल ने देसी पिस्तौल से अवधेश के सिर में गोली मार दी।