पानीपत। पंजाब-चंडीगढ़ और हरियाणा में मंगलवार सुबह कई वकीलों के घरों समेत उनके अन्य ठिकानों पर एनआईए की रेड का बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा ने विरोध किया है। इसी विरोध के क्रम में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट काउंसिलिंग ने बुधवार को पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में सभी बार में वर्क सस्पेंड करने की कॉल की। साथ ही हाईकोर्ट में एक आपातकालीन मीटिंग भी बुलाई है। हाईकोर्ट काउंसिलिंग की कॉल पर पानीपत बार एसोसिएशन ने भी सभी वकीलों को इन आदेशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
पानीपत बार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र दूहन ने कहा कि बुधवार को सभी वकील वर्क सस्पेंड कर एकता का परिचय देंगे। अगर कोई भी वकील वर्क सस्पेंड के आदेशों की अवहेलना करता है, तो उस पर 5 हजार रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा हाईकोर्ट की वकीलों की कमेटी द्वारा दिए जाने वाले आदेशों पर आगामी फैसला लिया जाएगा।