पानीपत।नगर निगम में प्राॅपर्टी टैक्स की मूल राशि में 10 प्रतिशत छूट के बाद बाकी बची राशि जमा कराने की याेजना का वीरवार काे अंतिम दिन रहा। याेजना के अंतिम दो दिन 1.47 कराेड़ रुपये टैक्स जमा हुआ। इस वित्तीय वर्ष के चार माह में अब तक 12 कराेड़ रुपये टैक्स जमा हाे चुका है। अंतिम दिन सुबह ही बारिश होने से लोगों ने घर व कार्यालयाें से ही ऑनलाइन राशि जमा कराई।
नगर निगम अधिकारियों ने वीरवार को छुट्टी के दिन देवीलाल कांप्लेक्स स्थित सीएफसी में दो कैश काउंटर चलाए गए। इनके साथ ही पालिका बाजार टैक्स की आपत्तियां और गलतियाें काे ठीक करने के लिए कर्मचारी लगाए गए थे लेकिन यहां पर कम ही संख्या में शहरवासी पहुंची। बारिश के कारण लाेगाें की संख्या कम रही है। कर्मचारी ताे कार्यालयाें में रहे लेकिन शहरवासी बहुत कम संख्या में पहुंचे। दाेपहर बाद कई कर्मचारी भी अन्य कामाें में लग गए। प्रदेश सरकार ने 31 जुलाई तक प्राॅपर्टी टैक्स में माैजूदा वर्ष की मूल राशि में 10 प्रतिशत छूट की याेजना चला रखी थी। एक साल की राशि की छूट के बाद जाे राशि बचती है वहीं लाेगाें काे जमा करानी थी। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चाैधरी ने बताया कि अभी माैजूदा वित्तीय वर्ष के आठ माह बाकी हैं। इस समय में 28 कराेड़ रुपये टैक्स रिकवर करना लक्ष्य है। निगम इसको रिकवर करेगा। संवाद