संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद में प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए रोडवेज विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में लोगों को ले जाने के लिए 45 ई-बसों के साथ निजी स्कूलों की 40 सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों ने बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है तथा बस चालकों और परिचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं। कार्यक्रम के लिए जिले और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों को बसों के माध्यम से जींद पहुंचाया जाएगा।
सुबह निर्धारित स्थानों पर बसें खड़ी की जाएंगी और यात्रियों को बैठाकर कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना किया जाएगा। कार्यक्रम में महिलाओं और बुजुर्गों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रहने की संभावना है। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिन रूटों से बसें कार्यक्रम में भेजी जाएंगी, उनकी भरपाई शहर में रोडवेज की अन्य बसों के संचालन से की जाएगी। विभाग का कहना है कि स्थानीय यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
स्वच्छ परिवहन पर जोर : प्रधानमंत्री के प्रस्तावित हाइड्रोजन ट्रेन उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया है। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को इलेक्ट्रिक, बैटरी और सीएनजी चालित वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कार्यक्रम के दौरान पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद में आयोजित कार्यक्रम के लिए जिले से 45 ई-बसें और निजी स्कूलों से 40 सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों को भेजा जाएगा। इन बसों को सुबह ही निर्धारित स्थानों पर खड़ा कर यात्रियों को बसों में बैठाकर कार्यक्रम के लिए ले जाया जाएगा। -विक्रम कांबोज, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो।