माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में जारी चार दिवसीय भारत टैक्स एक्सपो का बुधवार को दूसरा दिन है। इस प्रदर्शनी में निर्यातकों और उद्यमियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस बार अमेरिका से व्यापारिक मोर्चे पर मिली बड़ी राहत के बाद पानीपत के टेक्सटाइल उद्योग को इस एक्सपो से बड़े वैश्विक ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
इस विशाल अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में टेक्सटाइल हब पानीपत के करीब 100 नामी उद्यमी अपनी आकर्षक स्टॉल लगा रहे हैं। यहां पानीपत के विश्वप्रसिद्ध हैंडलूम, कालीन, बाथमैट और होम फर्निशिंग उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। उद्यमी चंद कुमार और हरदीप सिंह ने बताया कि इस बार वैश्विक खरीदार (बायर्स) भारतीय उत्पादों में गहरी रुचि दिखा रहे हैं। अमेरिका से निर्यातकों को मिली अनुकूल परिस्थितियों के बाद से ही उद्यमियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस चार दिवसीय एक्सपो के दौरान पानीपत को करोड़ों रुपये के नए कारोबार ऑर्डर हासिल होंगे।
इधर, हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विनोद धमीजा ने बताया कि भारत टैक्स एक्सपो उद्यमियों के लिए वैश्विक स्तर पर साख मजबूत करने का एक बेहतरीन मंच है। उन्होंने कहा कि यहां आ रहे विदेशी खरीदारों के रुझान को देखकर स्पष्ट है कि पानीपत के निर्यात ग्राफ में बड़ी तेजी दर्ज की जाएगी।