पानीपत। रोटरी क्लब पानीपत मिडटाउन द्वारा मेधावी छात्रों को साइकिल वितरण कार्यक्रम बुधवार को सेक्टर-24 स्थित एमजेआर संस्थान में आयोजित किया गया। जिसमें 500 छात्रों को रेंजर साइकिल वितरित की। ये साइकिल आठवीं, नौवीं और 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर मेरिट पाने वाले विद्यार्थियों को दी गई। क्लब ने पिछले साल एक हजार छात्राओं को साइकिल दी थी।
मुख्यातिथि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह रहे। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अपने बचपन की बातें भी बच्चों से साझा की। इसके साथ रोटरी क्लब पानीपत मिडटाउन के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाजसेवी लोगों के आगे आने से समाज में मजबूती आती है। इससे पहले मुख्यातिथि का रोटरी क्लब पानीपत में टाउन के अध्यक्ष पुनीत गुप्ता, सचिव नितेश डावर व प्रोजेक्ट चेयरमैन सुदर्शन चुग ने सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि राहुल, विज, चांद भाटिया और जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा रहे। रोटरी इंटरनेशनल 3080 के गवर्नर राजपाल सिंह ने कहा कि क्लब समय-समय समाज के लिए कार्य करता है। होनहार विद्यार्थियों को साइकिल देने के साथ स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को स्थापित करने में भी अपना सहयोग देता है। इसके साथ जरूरतमंद लोगों की समय-समय पर मदद की जाती है। एमजेआर संस्थान के महाप्रबंधक रोटेरियन कवर रविंद्र सैनी ने सबका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर रवि प्रकाश, अरुण मोंगिया, रंजीत भाटिया, अनिल बरेजा, नरेश रहेजा, संदीप खेर, संजय कटारिया, संजीव गुप्ता, शशि शर्मा, संजीव गुप्ता, पंकज शर्मा, रमन अनेजा व धीरज मिगलानी उपस्थित रहे।