समालखा। पट्टीकल्याणा में गांधी आश्रम के बाद बुजुर्ग महिला से चाकू की नोक पर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। अमृतसर के रहने वाले बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की थी। आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया जाएगा।
बीते 12 जून को सुबह करीब छह बजे गांधी आश्रम पट्टीकल्याणा के सामने बुजुर्ग महिला दमयंति के साथ मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने लूट की थी। बदमाश उसके हाथ से सोने का कड़ा, चूडियां और कानों की बाली लूटकर ले गए थे। जिसका मुकदमा समालखा थाने में दर्ज किया गया था। बाद में इस मामले की जांच सीआईए-1 की टीम को सौंप दी गई थी।
सीआईए-1 संदीप ने बताया कि बुधवार को टीम ने दो आरोपियों राधा कृष्णा कॉलोनी दाना मंडी भगता वाला अमृतसर पंजाब निवासी विजय उर्फ रवि व दपाई अमृतसर निवासी अमित को पेप्सी पुल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह मोटरसाइकिल से पंजाब से पानीपत आए थे। 12 जून को वारदात को अंजाम देने के बाद वापस भाग गए थे। आरोपी विजय का पहले भी आपराधिक मिला है। पांच माह पहले वह गाजियाबाद जेल से जमानत पर बाहर आया था। आरोपियों को अदालत में पेश का दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों के कब्जे से लूट का माल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।