इसराना। बुआना लाखू गांव के प्रिंस मलिक ने 22वीं ऑल इंडिया डॉ. वाईएस परमार वाॅलीबॉल प्रतियोगिता में बेहतर खेल प्रदर्शन कर दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता है। यह प्रतियोगिता एक से तीन मार्च को हिमाचल के पालमपुर में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित की गई थी। इसमें देशभर से सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम के कप्तान रह चुके प्रिंस मलिक ने कई प्रतियोगिताओं में बेस्ट ब्लॉकर और बेस्ट सेमेसर का अवार्ड भी जीता है। प्रतियोगिता में हरियाणा टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर खेल प्रदर्शन से जिले और गांव का नाम रोशन किया है। प्रिंस के पिता बलवान सिंह मलिक भी वाॅलीबॉल के खिलाड़ी रहे हैं। वह सीआईएसएफ से सेवानिवृत्त हैं। प्रिंस ने शुरू से ही पिता के साथ रहकर पढ़ाई की और खेलों में रुचि ली।