पानीपत। लंबे समय से तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों को राहत देते हुए शिक्षा विभाग की ओर से तबादले की तैयारी की जा रही है। ट्रांसफर ड्राइव पर जाने से पहले शिक्षकों को एमआईएस पोर्टल में व्यक्तिगत व अपना सर्विस विवरण सत्यापित कराकर अपलोड कराना होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों को 14 जुलाई तक शत-प्रतिशत विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं ताकि विभाग तबादले की प्रक्रिया को शुरू कर सके। हालांकि एमआईएस पोर्टल में आ रही तकनीकी खामी के कारण शिक्षकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अधिकारियों ने बताया कि जिले से करीब 515 शिक्षकों ने ही पोर्टल पर दोनों प्रोफाइल का विवरण अपलोड किया है जो कुल 3816 कर्मचारियों का 13.49 प्रतिशत है।
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफर ड्राइव नहीं चलने से शिक्षकों के तबादले लंबे समय से अटके हुए थे। शिक्षक ट्रांसफर ड्राइव शुरू करने की लंबे समय से मांग कर रहे थे। जिस पर संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग ने अब ट्रांसफर ड्राइव शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए शिक्षकों को अपना व्यक्तिगत और सर्विस विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विवरण पोर्टल पर अपलोड होने के बाद शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शिक्षा विभाग के इस कदम से शिक्षकों ने राहत की सांस ली है। विभाग ने शिक्षकों को एमआईएस पोर्टल पर व्यक्तिगत व सर्विस विवरण सत्यापित कराकर अपडेट कराने के निर्देश दिए थे, ताकि नियमानुसार उन्हें अंक मिल सके और विभाग उनके आधार पर शिक्षकों का मनपसंद स्टेशन पर तबादला कर सके।
- पूरी तरह काम नहीं कर रहा पोर्टल
ट्रांसफर ड्राइव में शामिल होने वाले शिक्षकों को एमआईएस पोर्टल पर अपना व्यक्तिगत व सर्विस विवरण अपलोड करना था। शिक्षकों का कहना है कि पोर्टल में तकनीकी खामी के कारण वे अपना विवरण अपलोड नहीं कर पा रहे। एक शिक्षक ने कहा कि पोर्टल पर फैमिली आईडी अपलोड कर दी, लेकिन पोर्टल पर शो ही नहीं हो रही। इसी प्रकार कई प्रकार की परेशानियां आ रही है। शिक्षकों का कहना है कि पोर्टल में आई तकनीकी खामी जल्द ठीक नहीं हुई तो संभवत: विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि को बढ़ाया जा सकता है।
इन शिक्षकों ने पोर्टल पर दर्ज करवाया विवरण
खंड कर्मचारी व्यक्तिगत सर्विस दोनों विवरण प्रतिशत
पानीपत 1429 165 293 153 11
बापौली 638 95 146 84 13
इसराना 474 123 198 115 24
मतलौडा 618 74 140 69 11
समालखा 657 102 149 94 14
कुल 3816 559 926 515 13.5
शिक्षा विभाग ने ट्रांसफर ड्राइव पर जाने से पहले शिक्षकों से अपना व्यक्तिगत और सर्विस विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए शिक्षकों को 14 जुलाई तक का समय दिया था। सभी शिक्षकों का शत प्रतिशत विवरण अपलोड होने के बाद तबादला प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- कुलदीप दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।