पानीपत। बिजली निगम की अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण और शहरी उपभोक्ता दोनों परेशान हैं। बृहस्पतिवार को दिनभर उद्योग बंद होने के बाद बिजली निगम ने समालखा की शहरी क्षेत्रीय कॉलोनियों में अघोषित छह से आठ घंटे का कट किया। ऑफिसर कॉलोनी, पंचवटी कॉलोनी के साथ गांधी कॉलोनी में रात एक बजे से ही शटडाउन रहा सुबह साढे़ नौ बजे लाइट आई।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि निगम ने अप्रैल में यह हाल है तो आगे क्या होगा। यह भी कहा कि रात भर बिजली निगम के शिकायत दर्ज कराने वाले नंबर बंद रहे नंबर चालू भी हो रहा था तो कोई उठा नहीं रहा था।
33 केवी डिकाडला फीडर पर रहा छह घंटे का शटडाउन, नौ गांव रहे प्रभावित
220 केवी सब स्टेशन से चलने वाले 33 केवी फीडर डिकाडला में सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक शटडाउन रहा। इससे नौ से ज्यादा गांव प्रभावित रहे। ग्रामीणों का कहना है कि फसल कटाई के दौरान वह पहले ही परेशान हो जाते है ऊपर से दिनभर में छह घंटे बिजली कटौती से उन्हें और भी ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सप्ताह में दूसरी और महीने में चौथी बार चार घंटे का घोषित कट किया गया है। इसी के साथ 132 केवी चंदौली से चलने वाले 11 केवी जीएस व 11 केवी पेप्सिको फीडर पर भी सुबह 10 से शाम छह बजे तक शटडाउन रहा। इससे पेप्सिको कंपनी का भी काम प्रभावित हुआ।