संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे शहरों में दाखिला न मिलने से हताश युवाओं को अपने शहर के कॉलेजों में पढ़ने का मौका मिला। उच्चतर शिक्षा निदेशालय के एक दिन के लिए पोर्टल खोलने पर युवाओं ने कॉलेजों में दाखिला लिया। शहर के कॉलेजों में दाखिलों का रुझान अधिक रहा। युवाओं ने दाखिला मिलने पर राहत की सांस ली है।
जिले में सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त व निजी 14 कॉलेज हैं। करीब 14 हजार सीट पर दाखिला होना था। इस बार यूजी में दाखिला प्रक्रिया मई महीने में शुरू हो गई थी। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने गत महीने प्रवेश बंद कर दिया था। निदेशालय ने शुक्रवार को फिजिकल काउंसिलिंग पर दाखिला करने के लिए पोर्टल ऑपन किया। शहर के कॉलेजों में सुबह ही युवा दाखिला लेने पहुंचे। कॉलेजों में दोपहर तक युवाओं का आना लगा रहा।
युवा बोले दिल्ली और चंडीगढ़ में दाखिले की थी तैयारी
फिजिकल काउंसिलिंग में अधिकतर युवा दिल्ली व चंडीगढ़ में दाखिला लेने वाले शामिल थे। आरती और नेहा ने बताया कि वे चंडीगढ़ दाखिला लेने की तैयारी में थी। उन्होंने अपना पूरा ध्यान चंडीगढ़ में दाखिला लेने का लगा रखा था। ऐसे में यहां के कॉलेज में ऑनलाइन आवेदन नहीं किया था। अब फिजिकल काउंसिलिंग में दाखिला लिया है। वे अपने शहर में रहकर पढ़ाई करेंगे।
निदेशालय से छूट के बाद शुक्रवार को फिजिकल काउंसिलिंग कर दाखिला दिया गया। इसमें अधिकतर बच्चे दिल्ली व चंडीगढ़ में दाखिला न मिल पाने वाले हैं। युवाओं को अब अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए।
डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी पीजी कॉलेज।
कॉलेज में अधिकतर सीटों पर पहले से ही दाखिला हो चुका है। फिजिकल काउंसिलिंग में आने वाले युवाओं को उनकी मांग अनुसार कोर्स व विषय में दाखिला दिया है।
डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य पीजी कॉलेज।