पानीपत। खुद के बेटे समेत चार बच्चों की हत्या की आरोपी पूनम ने एक बार फिर बच्चों की हत्या करने से इन्कार किया है। उन्होंने महिला आयोग की चेयरपर्सन के सामने कहा कि उसने किसी की हत्या नहीं की। जब चेयरपर्सन ने बच्चों की मौत कैसे हुई इसके बारे में पूछा तो उसने जानकारी होने से मना कर दिया।
दिसंबर माह में चार बच्चों की हत्या के आरोपी पूनम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उस पर खुद के बेटे, ननद, जेठ और चचेरे भाई की बेटी की पानी में डुबोकर हत्या करने के आरोप हैं। पुलिस ने तीन दिसंबर को पूनम को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वीरवार को महिला आयोग की चेयरपर्सन ने पानीपत जेल में पहुंचकर सभी बंदियों से अलग-अलग बात की तो इसमें पूनम भी शामिल थी। उन्होंने पूछा कि बच्चों की हत्या क्यों की तो उसने वारदात को अंजाम देने से इन्कार दिया। उसने कहा कि उसने किसी की हत्या नहीं की। इसके बाद उन्होंने काफी देर तक आरोपी पूनम से बात की।
आज टटीरी गाना प्रकरण में होगी सुनवाई
महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया शुक्रवार को जिला सचिवालय में महिलाओं की जनसुनवाई करेंगी, इसके साथ ही हाल ही में विवाद में आए टटीरी गाने प्रकरण की भी सुनवाई की जाएगी। इसके लिए रैपर बादशाह को नोटिस जारी कर शुक्रवार को आयोग के सामने उपस्थित होने के आदेश दिए गए थे। नारी तू नारायणी संगठन की अध्यक्ष सविता आर्य ने आयोग के सामने गाने पर आपत्ति जताते हुए शिकायत दी थी।