पानीपत। औद्योगिक क्षेत्र में पर्यावरण को बेहतर करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सेक्टर 29 पार्ट टू में दो पार्क बनवाएगा। दोनों पार्क कुल साढ़े सात एकड़ में बनेंगे। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नगर निगम को पार्क बनाने के लिए 67 लाख रुपये देगा। जनवरी में इन पार्क पर काम शुरू होने की उम्मीद है। इन पार्काें का नक्शा भी बन चुका है। अब नगर निगम के खाते में राशि ट्रांसफर करनी है। इसके अलावा नगर निगम पहले ही सेक्टर 29 पार्ट टू में दो पार्क बना रहा है। पार्क बनाने को लेकर डायर्स एसोसिएशन की हाल में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई थी।
बॉक्स
जुर्माने की राशि से सेक्टर 29 पार्ट टू में बनेगा पार्क
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) उद्यमियों से जुर्माने में वसूले 1.34 करोड़ रुपये में से 67 लाख रुपये में दो पार्क बनाएगा। बोर्ड ने सेक्टर 29 पार्ट टू में पार्क बनाने के लिए भूमि चिह्नित की है। यहां पांच एकड़ में पार्क बनाया जाना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमानुसार उद्यमियों से वसूली जाने वाली राशि का 50 प्रतिशत बोर्ड को पानीपत के पर्यावरण पर ही खर्च करना होता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पिछले दो साल में ये जुर्माना राशि उद्यमियों से वसूली है। यहां दो पार्क बनने के बाद उद्यमियों के लिए सेक्टर 29 पार्ट टू में पांच पार्क हो जाएंगे। दो पार्क नगर निगम बना रहा है। इनके अलावा एक पार्क कृष्णा गार्डन के पास बनाया जाएगा।
बॉक्स
शहर की हवा का हाल
शुक्रवार को हवा में धूल के कणों की मात्रा 215 अंक दर्ज की गई। शुक्रवार को शहर का एक्यूआई 198 दर्ज किया गया है। शुक्रवार को हवा में 2.5 की न्यनूतम मात्रा 192, औसत 200 और अधिकतम 212 दर्ज की गई । पीएम-10 की मात्रा न्यूनतम 157, औसत 162 और अधिकतम 162 दर्ज की गई है। पीएम- 10 की न्यूनतम व औसत मात्रा दो अंक तक कम हुई है। नाइट्रोजन ऑक्साइड की मात्रा न्यूनतम 27, औसत 30 व अधिकतम 32 दर्ज की गई है। अमोनिया की मात्रा न्यनूतम दो व औसत व अधिकतम तीन दर्ज की गई है। हवा में कार्बन डाई ऑक्साइड की मात्रा न्यनूतम 24, औसत 26 व अधिकतम 28 दर्ज की गई। सल्फर डाईऑक्साइड की मात्रा न्यनूतम 12 व अधिकतम 13 दर्ज की गई है। शहर की हवा अब भी काफी प्रदूषित है।
बॉक्स
जुर्माने की 50 प्रतिशत राशि पार्काें पर खर्च होगी-अरोड़ा
जुर्माने की राशि से 67 लाख रुपये पार्कों पर खर्च किए जाने हैं। इसको लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक भी हो चुकी है। बैठक में उन्होंने जल्द पार्क बनाने की मांग रखी है। इस राशि से दो पार्क बनेंगे। दो पार्क नगर निगम बना रहा है। सीपीसीबी के नियमानुसार जुर्माने की 50 प्रतिशत राशि पानीपत के पर्यावरण पर खर्च करनी होती है।
नितिन अरोड़ा, अध्यक्ष पानीपत डायर्स एसोसिएशन
पार्काें पर चल रहा है काम- क्षेत्रीय अधिकारी
सेक्टर 29 में 67 लाख में दो पार्क बनाए जाने हैं। इस प्रक्रिया पर काम चल रहा है। जल्द पार्क बनाने का काम भी शुरू होगा। पार्क बनने से पर्यावरण बेहतर होगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लगातार पर्यावरण को बेहतर करने पर काम कर रहा है।
भूपेंद्र चहल, क्षेत्रीय अधिकारी, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड