संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिला पुलिस रोजगार के नाम पर युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों पर अब सख्ती से निपटेगी। पुलिस पहले चरण में इस तरह के एजेंटों को तलाश कर उनको जागरूक करेगी। इसके बाद उनके मामलों की जानकारी लेगी। साथ ही दर्ज मुकदमों की जांच तेज की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने इसको लेकर शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में पर्यवेक्षण अधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं की बैठक ली। इसमें अधिकारियों को कबूतरबाजी के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए। विदेश भेजने वाले अनाधिकृत ट्रेवल एजेंट और एजेंसियों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनको शिक्षा, रोजगार व अन्य उद्देश्यों के लिए विदेश भेजने का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी करने वाले अनाधिकृत ट्रेवल एजेंट एवं एजेंसियों से सावधान रहने की जरूरत है।
लोगों को चाहिए कि वे सरकार की ओर से अधिकृत ट्रेवल एजेंट एवं एजेंसियों से ही विदेश जाने के लिए संपर्क करें और अच्छी तरह से पूछताछ कर लें। कबूतरबाजों पर हरियाणा पुलिस द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स, सुरेश कुमार सैनी, नवीन संधू, थाना मॉडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश शर्मा, सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार, उरलाना चौकी इंचार्ज बंसीलाल मौजूद रहे।
अवैध एजेंटों के जाल में न फंसे
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विदेश भेजने के नाम पर लोगों से पैसे ठगने वाले एजेंट पंजीकृत नहीं होते हैं। ऐसे एजेंटों से आमजन को सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है। आमजन उनके झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई, अन्य संपत्ति या गहने इत्यादि गंवा बैठते हैं। ऐसे अनेक मामलों में कई बार विदेश जाने वाले व्यक्ति की जान को भी खतरा हो जाता है। इसलिए ऐसे कबूतरबाज ट्रैवल एजेंट व एजेंसियों से सावधान रहें।