पानीपत। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए यमुना पुल पर पानीपत व यूपी पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है। इस बार यमुना पुल के पास दोनों प्रदेशों की पुलिस संयुक्त रूप से कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर तैनात रहेगी।
यमुना पुल पर पुलिस नाका के पास ही एक करीब 20 फीट ऊंचा पुलिस ने वॉच टावर बनाया गया है। जिसमें 24 घंटे पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे और पुलिस कर्मी वॉच टावर से दूरबीन द्वारा कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर नजर रखेंगे। इसी तरह नेशनल हाईवे 709 एडी पर यमुना नदी पर दो तरफ में आने-जाने के लिए दो नए पुल बनाए गए है। नया पुल बनने के बाद यमुना के पुराने जर्जर हालत वाले पुल को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया था लेकिन उस पुराने पुल पर पैदल व्यक्ति आ जा सकते थे और पुराने पुल की कई स्थानों पर ग्रिल टूटी हुई है।
कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर दोनों प्रदेशों की पुलिस ने शुक्रवार को यमुना के पुराने पुल की दोनों तरफ में चार से पांच फीट ऊंची मिट्टी डाल कर पुरी तरह से बंद कर दिया गया है। कांवड़ियों की सेवा के लिए यमुना पुल के पास अधिवक्ताओं ने कांवड़ शिविर का शुक्रवार को हवन करके शुभारंभ किया।
यह कांवड़ शिविर यमुना सुधार समिति के अध्यक्ष रतन सिंह रावल एडवोकेट, राजकुमार रावल एडवोकेट, समालखा बार एसोसिएशन के प्रधान अशोक रावल एडवोकेट, बापौली तहसील में बैठने वाले सभी एडवोकेट और नन्हेडा गांव के ग्रामीणों के सहयोग से लगाया जा रहा है। रतन सिंह रावल एडवोकेट ने कहा कि सभी वकीलों व नन्हेड़ा गांव के ग्रामीणों के सहयोग से शिवरात्रि तक कांवड़ शिविर चलाया जाएगा। जिससे कांवड़ियों कोे कोई परेशानी का सामना न करना पड़े।