पानीपत। थाना चांदनी बाग क्षेत्र की विद्यानंद कॉलोनी में चाकू मारकर जुनैद की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वारदात को खुलासा कर सकती है।
बकरीद के बाद वीरवार रात करीब नौ बजे विद्यानंद कॉलोनी में पुरानी रंजिश के चलते जुनैद, उसके साथी महताब, साहिब और शोएब पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में जुनैद की छाती और पेट में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई थी, जबकि उसका साथी महताब गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जुनैद के परिजनों ने कॉलोनी के ही दीपक, सुनील और उनके दो साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीपक और महताब के बीच पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसकी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
थाना चांदनी बाग प्रभारी संदीप ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि कुछ करीबियों से पूछताछ की गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेंगे।