समालखा। पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) सेल की टीमों ने सोमवार को दो अलग-अलग जगहों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जहां एक टीम ने डॉग स्क्वायड की मदद से गांव राक्सेड़ा में संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया, वहीं दूसरी टीम ने समालखा के नया बस अड्डा के पास से एक नशा तस्कर को 6.11 ग्राम हेरोइन सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
एवीटी सेल प्रभारी सुमित ने बताया कि पुलिस ने गांव राक्सेड़ा में चिन्हित संदिग्ध स्थानों पर डॉग स्क्वायड के साथ औचक छापेमारी की। टीम ने काफी देर तक इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया, हालांकि वहां से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। दूसरी तरफ, एवीटी सेल की अन्य टीम ने गुप्त सूचना पर नया बस अड्डा समालखा के समीप घेराबंदी कर मोनू निवासी समालखा को पकड़ा है।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया। यहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से सप्लायरों के नेटवर्क का पता लगाएगी।