माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के दो प्रमुख कांवड़ मार्गों पर एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। दो कंपनियां अतिरिक्त पुलिस बल भी मांगा गया है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। एएसपी हर्षित गोयल को कांवड़ यात्रा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख नाकों और शिविर स्थलों पर अधिकारियों की निगरानी में चौबीसों घंटे पुलिस गश्त रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्ग पर सैंडबैग और रस्सों की मदद से अलग लेन बनाई जाएगी, ताकि कांवड़ियों को सुरक्षित मार्ग मिल सके।
उन्होंने शिविर संचालकों को निर्देश दिए कि पंडाल मुख्य सड़क से कम से कम 50 फीट अंदर लगाए जाएं। पार्किंग की व्यवस्था भी सड़क से दूर की जाए तथा शिविरों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था करना भी अनिवार्य रहेगा।
एसपी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान लाठी, डंडे, त्रिशूल, भाले या अन्य नुकीले हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। ध्वनि प्रदूषण पर सर्वोच्च न्यायालय और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा विशेष सुरक्षा प्रबंध
प्रमुख कांवड़ मार्गों में सनौली रोड, चांदनी बाग (चोटाला) रोड, गोहाना रोड और असंध रोड शामिल हैं। इसके अलावा अन्य कांवड़ मार्गों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। यात्रा के दौरान शरारती और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
कांवड़ मार्ग पर मांस की दुकानें रहेंगी बंद
एसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी मांस की दुकानों को नियमानुसार बंद रखा जाए। थाना प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान कोई भी दुकान खुली न रहे। पुलिस की गश्ती टीमें लगातार निगरानी करेंगी और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।