पानीपत। सीआईए-टू पुलिस टीम ने निंबरी गांव के अड्डे पर धागा कारोबारी दो सगे भाइयों व सुपरवाइजर को पीटने और गंभीर चोट मारने के दो आरोपियों को सोमवार शाम को जिला सचिवालय परिसर के पार्क से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान निंबरी गांव निवासी अजय उर्फ बूरा व बलराज उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक टूंटी व डंडा बरामद कर मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपियों से पुलिस गहनता से पूछताछ करेगी।
सीआईए टू के प्रभारी सुमित सरोहा ने बताया कि टीम को सोमवार शाम को गुप्त सूचना मिली थी। इस पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोट मारने की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह 28 नवंबर की देर शाम शराब पार्टी करने के लिए बाइक से गांव में अड्डे पर गए थे। एक किराना दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर सामान लेने अंदर चले गए। सामान लेकर बाहर निकले तो बाइक की सीट पर तीन लड़के बैठे थे। बाइक पर बैठने को लेकर उन दोनों ने तीनों लड़कों के साथ मारपीट की, तभी तीनों लड़कों को छुड़ाने तीन अन्य युवक आ गए। आरोपियों ने छुड़ाने आए युवकों को डंडे व टूंटी से गंभीर चोट मारी और इसके बाद मौके से भाग गए थे।