पानीपत। जिले में तेजी से बढ़ रही रंगदारी और फायरिंग की वारदात पुलिस के लिए चुनौती बनी हैं, जिससे निपटने के लिए पुलिस उन गांव की सूची तैयार कर रही है जहां के युवाओं की संलिप्तता आपराधिक वारदात में रही। पुलिस गांव-गांव पहुंचकर युवाओं को अपराधियों के झांसे में न आने के प्रति सचेत करने में जुटी है, साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने का आह्वान किया गया। पुलिस ने हाल ही में चर्चा में आए डाहर, नौल्था और महराना में ग्रामीणों के साथ बैठक की।
जनवरी में पानीपत जिले में रंगदारी और फायरिंग की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। विदेश में बैठे अपराधी रंगदारी मांगकर दहशत फैला रहे हैं। छह जनवरी को समालखा और 24 जनवरी को महराना गांव में ट्रांसपोर्टर पर हुए हमले की घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। इन दोनों की घटनाओं में डाहर, महराना और नौल्था गांव के युवाओं की संलिप्तता नजर आई। विदेश में बैठे शीलू डाहर ने पैसों का लालच देकर कम उम्र के युवाओं को फायरिंग करने के लिए तैयार किया। दोनों घटनाओं में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो 1वीं के छात्र और एक नाबालिग शामिल रहा। ऐसे में अब पुलिस युवाओं को अपराध से दूर रहने के लिए जागरूक कर रही है। पुलिस ने ऐसे सभी गांवों की लिस्ट तैयार की है जिनमें अपराधियों की गतिविधियां रही। जिसमें नौल्था, डाहर और महराना में पुलिस द्वारा ग्रामीणों के साथ बैठक की, जिसमें ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखें। पुलिस अन्य गांवों में भी ग्रामीणों के साथ बैठक करेगी।
हथियारों का शौक, और सोशल मीडिया से भ्रमित हो रहे युवा
जिले में युवाओं के बीच हथियारों का शौक भी बढ़ रहा है। यह शौक और सोशल मीडिया पर अधिक सक्रियता उन्हें भ्रमित कर रही हैं। विदेशों में बैठे अपराधी सोशल मीडिया पर माध्यम से ही युवाओं से संपर्क करते हैं और बड़े-बड़े सपने दिखाकर उनसे अपराध कराते हैं। एक बार घटना करने के बाद वह उनके चंगुल में फंस जाते हैं और फिर लगातार उनके इशारे पर वारदात करने लगते हैं।
जिले में युवाओं की अपराधियों के साथ संलिप्तता बढ़ने के कारण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। डाहर, नौल्था और महराना गांव में बैठक की गई है। अभिभावकों को समझाया जा रहा है कि बच्चों पर ध्यान रखें। अपराधियों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
-भूपेंद्र सिंह, एसपी पानीपत।