पानीपत। आर्य बल भारती स्कूल में शनिवार को जिला चिकित्सा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम के दौरान बढ़ते तनाव के इस दौर में विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति को किस प्रकार संतुलित रखा जाए तथा उन्हें सही दिशा में कैसे मार्गदर्शन दिया जाए, इस पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना रहा। प्रधानाचार्य डॉ. अशोक आर्य ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विभाग से भविष्य में भी समय-समय पर विद्यालय आकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने का अनुरोध किया।