पिल्लों को गाड़ी से कुचलने के बाद पुलिस की उपस्थिति में सोसाइटी सदस्यों और अन्य लोगों ने कथित तौर पर सजा सुनाई है। नई पहल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से मामले में पुलिस को शिकायत दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी जान बूझकर पिल्लों को कुचलते हुए दिख रहा था।
हरियाणा के पानीपत में तहसील कैंप के जुट्टू चौक पर चार दिन पहले तीन पिल्लों को गाड़ी से कुचलने के आरोपी पिकअप चालक को एक रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को तीन महीने तक पानी पिलाने की सजा दी गई है। इससे पहले वह कुतिया के पैर पकड़कर भविष्य में गलती न करने और ड्राइविंग न करने की बात कह चुका है।
विज्ञापन
कथित आरोपी को पुलिस ने नई पहल वेलफेयर सोसाइटी की मदद से पकड़ा था, जो समालखा कस्बे के एक गांव का निवासी है। इसके बाद पुलिस की उपस्थिति में सोसाइटी सदस्यों और अन्य लोगों की ओर से पंचायत में आरोपी को उक्त सजा सुनाई गई।
विदित हो कि बीते रोज व्यक्ति को पकड़कर जट्टू चौक पर ले जाया गया था, जहां उसने तीन पिल्लों को कुचल दिया था। यहां संस्था के सदस्यों ने व्यक्ति से कुतिया के पैर पकड़कर माफी मंगवाई। यहां उसने लोगों से भी माफी मांगते हुए कहा कि वह अब जीवन में कभी ड्राइवरी नहीं करेगा। इसके बाद आरोपी को एक रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को तीन माह तक पानी पिलाने की सेवा करने की सजा दी गई है।
विज्ञापन
नई पहल वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य कुनाल कपूर ने बताया कि उनकी टीम को सोशल मीडिया के माध्यम से कुत्तों को मारे जाने की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में पिकअप चालक पिल्लों को जान बूझकर कुचलता साफ दिखाई दे रहा है। आरोपी पिल्लों को टायर के नीचे कुचलते हुए गाड़ी के शीशे में भी देख रहा था।
इसकी शिकायत पुलिस को भी दी गई थी। पिकअप के नंबर के आधार पर आरोपी को पकड़कर कुतिया से माफी मंगवाई गई है। आरोपी ने यहां हाथ जोड़कर भविष्य में कभी ड्राइवरी न करने की बात कही है। अब उसे रेलवे स्टेशन पर तीन माह पानी पिलाने की सजा दी गई है।