पानीपत। नमो सेवा अनकही कहानियां अभियान के तहत मंगलवार को दूसरे दिन शहर समेत जिले विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में नुक्कड़ नाटकों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत कर विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल नूरवाला में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक व विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि नुक्कड़ नाटक सीधे संवाद स्थापित करने और जटिल सामाजिक विषयों व जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक सरल तरीके से पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर अनेक जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं। युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कला, संस्कृति और नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यम विद्यार्थियों एवं आमजन में सामाजिक जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। कार्यक्रम में प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों को अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से जोड़े रखा। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, पूर्व मेयर अवनीत कौर, पूर्व डीईओ राकेश बूरा उपस्थित रहे।