दवा लेने के लिए लाइन में लगे मरीज। संवाद
- जिला नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए मरीजों को करना पड़ा इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। बारिश का सीजन शुरू होते ही जिला नागरिक अस्पताल में मौसमी बीमारियां बढ़ने लगी हैं। सोमवार को अस्पताल में खांसी, जुकाम, वायरल, उल्टी-दस्त के मरीजों की ओपीडी सामान्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा रही। सामान्य दिनों में जहां ओपीडी 1500 तक रहती है। सोमवार को यह बढ़कर लगभग 1800 पहुंची। मरीजों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने से फर्श पर बैठकर इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ न होने से मरीजों को निजी अस्पतालों से महंगा इलाज करवाना पड़ रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल में रविवार को छुट्टी होने से सोमवार को ओपीडी सामान्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा रही। मरीजों को पंजीकरण व इलाज के लिए फिर दवा लेने में दो-दो घंटे का समय लगा। फिजिशियन कक्ष के बाहर इलाज के लिए खड़े मरीजों की लाइन दो बजे तक लगी रही। बैंच भी कम पड़ने लगे हैं। जिससे मरीजों को फर्श पर ही बैठना पड़ा है। काबड़ी गांव से बुखार के लिए दवा लेने पहुंचे जगदीश ने बताया कि वह सुबह आठ बजे अस्पताल पहुंच गया था। उनको भीड़ होने से पंजीकरण कराने में 20 मिनट का समय लगा। फिर इलाज व दवा लेने के लिए करीब एक घंटा लगा क्योंकि फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा थी। इसलिए उसे कभी खड़े होकर तो कभी फर्श पर बैठकर नंबर का इंतजार करना पड़ा। इसी तरह दवा लेने के लिए भी 10 मिनट का समय लगा।
वर्जन :
अस्पताल में पहुंचने वाले सभी मरीजों को दवा दी जा रही है। बैठने के लिए बैंचों की पर्याप्त व्यवस्था है। सोमवार को अपेक्षाकृत भीड़ ज्यादा रही है।
- डॉ. विजय मलिक, सीएमओ