पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में सोमवार से कोरोना की गाइडलाइन शुरू की जाएंगी। अस्पताल में खांसी, नजला, वायरल बुखार के मरीजों की जांच के बाद जिस मरीज की गंभीर स्थिति मिलेगी फिजिशयन की ओर से उसकी कोरोना जांच की जाएगी। इसके लिए अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडर, वेंटिलेटर, मास्क, पीपीई किट आदि उपलब्ध हैं। अस्पताल में मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक भी किया जाएगा।
जिला नागरिक अस्पताल में गर्मी बढ़ने से मरीजों की ओपीडी दो हजार से ज्यादा रहने लगी है। ज्यादातर मरीज ओपीडी निमोनिया, वायरल बुखार, खांसी, सिरदर्द व उल्टी-दस्त के आ रहे हैं। फिजीशियन नजला, वायरल बुखार के मरीजों की गंभीर स्थिति होने पर कोरोना की जांच करेंगे। अस्पताल में जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग कर लोगों को कोरोना के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।
अस्पताल में 10, सीएससी-पीएचसी में एक-एक बेड की व्यवस्था-
कोरोना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुनील संदूजा ने बताया कि कोरोना के बचाव के लिए अस्पताल में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वेंटीलेटर की जांच कर शुरू कर दिए गए हैं। ऑक्सीजन सिलिंडर, मास्क, पीपीई किट की व्यवस्था अस्पताल में हो चुकी है। कोरोना मरीजों के लिए अस्पताल में अलग से वार्ड बनाया गया है। वार्ड में 10 बेड की व्यवस्था की गई है। वहीं जिले की सभी सीएचसी-पीएचसी, उपमंडल अस्पताल समालखा में एक-एक बेड की व्यवस्था कोरोना के मरीजों के लिए कई गई है। अस्पताल से कोरोना जांच की शुरूआत की जाएगी।
आज से शुरू होगी कोरोना की गाइडलाइन
सीएमओ डॉ. विजय मलिक ने बताया कि जिले में पहले जिला नागरिक अस्पताल से ही सोमवार से कोरोना की गाइडलाइन शुरू की जाएंगी। लोगों को शारीरिक दूरी, मास्क का प्रयोग, हाथ धोने, खांसी-जुकाम व वायरल बुखार से पीड़ित व्यक्ति से दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। नजला, वायरल बुखार से ग्रस्त गंभीर मरीज की पीपीई किट से कोरोना की जांच की जाएगी। इसके लिए अस्पताल में अलग से वार्ड बनाया गया है।