माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। नगर निगम ने दशहरा से पहले शहर की सड़कों पर पैचवर्क शुरू कर दिया है। खास तौर पर दशहरा के आयोजन स्थलों के आसपास की सड़कों पर पैच वर्क किया जा रहा है। निगम अब तक असंध रोड, सेक्टर-25 और सेक्टर-13-17 स्थित सड़क पर पैचवर्क कर चुका है। बाकी सड़कों पर भी बुधवार तक पूरा करने की तैयारी है।
अमर उजाला ने शहर की खस्ता हाल सड़कों की स्थिति को 24 सितंबर के अंक में प्रकाशित किया था। जिसमें दशहरा के आयोजन स्थलों की आसपास की सड़कों की स्थिति को दिखाया गया था। कई जगह तो आधे फीट तक के गड्ढे बने हुए थे। नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने इंजीनियरिंग शाखा को पैचवर्क कराने के आदेश दिए। नगर निगम के एक्सईएन ने अपने-अपने क्षेत्र में टीम बनाकर पैचवर्क शुरू कर दिया है।
निगम की टीम ने असंध रोड पर पैचवर्क का कार्य पूरा कर लिया है। वहीं टीम सेक्टर-25 के आसपास पैचवर्क कर रही है। सेक्टर-13-17 में दशहरा आयोजन स्थल के आसपास की सड़कों का पैचवर्क किया जा रहा है।
बारिश के दौरान शहर की कई सड़कों में गड्ढे हो गए थे। बारिश के कारण पैचवर्क नहीं किया जा रहा था। इंजीनियरिंग शाखा ने सड़कों पर पैचवर्क करना शुरू कर दिया है। शहर की सभी सड़कों को गड्ढा रहित किया जाएगा।
- डॉ. पंकज, आयुक्त, नगर निगम