झेलम और सचखंड आधा घंटा, गोवा संपर्क क्रांति ढाई घंटे लेट यात्रियों को स्टेशन पर करना पड़ा इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। त्योहारों के सीजन में भी ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। ट्रेनों के घंटों देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है। वीरवार को आम्रपाली एक्सप्रेस 12 घंटे और अमृतसर एक्सप्रेस 13 घंटे की देरी से पानीपत पहुंची।
इसके अलावा झेलम एक्सप्रेस और सचखंड एक्सप्रेस आधा घंटा, श्री माता वैष्णो देवी कटरा सुपरफास्ट 40 मिनट, अमृतसर इंटरसिटी दो घंटे और गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से पहुंची।
यात्रियों रामकुमार, रोहित और सुरेश ने बताया कि वे निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंच गए थे, लेकिन ट्रेनों के घंटों देरी से आने के कारण परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से ट्रेनों की देरी की समस्या का समाधान करने और यात्रियों को समय रहते सूचना देने की मांग की।
मरम्मत कार्य से ट्रेनों का संचालन प्रभावित
ट्रेनों के देरी से पहुंचने का मुख्य कारण रेलवे ट्रैक पर चल रहा मरम्मत कार्य और लंबे रूटों की ट्रेनों की पासिंग से ट्रेनें देरी से आती है। इसके लिए अन्य ट्रेनों को स्टेशन पर ही रोक दिया जाता है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
मनीष कुमार शर्मा, स्टेशन अधीक्षक, पानीपत।
36