पानीपत। लाल बत्ती चौक के पास चोरों ने रेमंड के शो का शटर उखाड़कर लाखों रुपये के पैंट-कोट व 18 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे। शोरूम मालिक ने इसकी शिकायत सिटी थाना पुलिस में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवी मूर्ति कॉलोनी निवासी अंकुश बंसल ने बताया कि लाल बत्ती चौक पर पीएनबी के पास उनकी केशव इंटरप्राइजेज के नाम से रेमंड कपड़ों की दुकान है। वह बुधवार रात आठ बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। सुबह दुकान पर आए तो दुकान का ताला टूटा मिला। शटर भी उखड़ा हुआ था। दुकान के गल्ले से चोर 18 हजार रुपये नकद व लाखों रुपये के कपड़े चोरी कर ले गए। कपड़ों की दुकान है तारों में स्पार्किंग के भय से मेन लाइन बंद कर रखी थी, क्योंकि दुकान में आग लगने का भय रहता है। उनकी दुकान में 2014 में भी चोरी हो चुकी है। उनकी पुलिस से मांग है कि चोरों को जल्द पकड़कर उन पर कार्रवाई की जाए।