सेक्टर-आठ में रहने वाले दीपक ने बताया कि उसका छोटा भाई अंकित (24) 31 मार्च 2024 को अमेरिका गया था। वह टेक्सास शहर में एक स्टोर पर काम करता था और स्टोर के सामने ही एक होटल में रहता था। रविवार रात को उनके आवास पर पानीपत के ही मॉडल टाउन का एक युवक आया।
उसने बताया कि अंकित की गोली लगने से मौत हो गई है। उन्हें पहले तो इस पर विश्वास नहीं हुआ। उसने अंकित के मोबाइल पर कॉल की लेकिन उसका कोई जवाब नहीं मिला। उसके साथियों और स्टोर मैनेजर से बात की तो उन्होंने अंकित की गोली लगने से मौत होने के बारे में जानकारी दी।
सुबह ही हुई थी 15 मिनट बात
दीपक ने बताया कि अंकित को करीब 55 लाख रुपये खर्च कर अमेरिका भेजा गया था। उनकी अंकित से हर रोज बात होती थी। उसकी रविवार सुबह भी करीब 15 मिनट तक बात हुई थी। उसने मकान के लोन की किस्त के लिए पैसे भेजने की बात कही थी लेकिन अचानक से उसकी मौत की खबर आने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सोमवार को दिनभर आवास पर रिश्तेदारों और करीबियों का आना-जाना लगा रहा। परिजन अब अंकित के शव को भारत लाने का प्रयास कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: चिट्टा तस्कर हेड कांस्टेबल: वर्दी की आड़ में हरियाणा से हिमाचल में करता था सप्लाई, प्रदीप की पत्नी सरकारी टीचर
फरवरी में हुई थी पिता की मौत
दीपक ने बताया कि वह तीन भाई बहन हैं। अंकित सबसे छोटा था। फरवरी माह में उनके पिता पवन की सड़क हादसे में घायल हो गए थे। जिनका उपचार काफी समय से पीजीआई रोहतक में चला। इसके कुछ दिनों बाद ही उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। अंकित पिता की मौत पर भी नहीं आ पाया था। जिस कारण अंकित कुछ तनाव में भी रहता था। दीपक ने बताया कि हाल ही में उनकी बहन का रिश्ता हुआ था। नवंबर माह में उसकी शादी होनी है। जिस कारण अंकित प्रतिदिन 13 से 19 घंटे तक काम करता था।
यह भी पढ़ें: नई शिक्षा नीति: हरियाणा के स्कूलों में लागू हुआ त्रिभाषाई फॉर्मूला, 9वीं और 10वीं कक्षा में अब होंगे सात विषय