संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। राष्ट्रीय साधन व योग्यता छात्रवृत्ति योजना में राजकीय व अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। योग्य विद्यार्थी 15 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे। जिले में अब तक 3100 से अधिक विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके हैं जबकि जिले से 102 विद्यार्थियों का चयन होना है। जिले में मंगलवार शाम तक 3085 विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके थे। पंजीकरण कराने के मामले में पानीपत प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच चुका है। अंबाला 2906 पंजीकरण के साथ प्रदेश में दूसरे स्थान पर लुढ़क गया है।
आवेदन प्रक्रिया 08 सितंबर से शुरू हुई थी जो 15 अक्तूबर को संपन्न होगी। डीएनओ स्तर पर आवेदन के सत्यापन की तिथि 31 अक्तूबर तय की गई है। जिले के आठवीं कक्षा के करीब 9552 विद्यार्थियों में से मंगलवार शाम तक करीब 3085 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
योजना के लिए 30 नवंबर को परीक्षा करवाई जाएगी। पूरे प्रदेश में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को 9वीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना के लिए आवेदन व परीक्षा जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप कुमार की देखरेख में आयोजित की जाएगी।
प्रदेश में 2337 पात्रों का होगा चयन
जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं राष्ट्रीय साधन व योग्यता छात्रवृत्ति योजना के नोडल अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि योजना परीक्षा शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली की ओर से चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली व जरूरतमंद विद्यार्थियों का चयन कर उनको शिक्षित करना है। योजना में जिले के 102 तथा प्रदेश के 2337 पात्र विद्यार्थियों का चयन करने के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी।
दो चरणों में होगी परीक्षा
परीक्षा दो चरणों में होगी। पहले भाग में विद्यार्थी की मानसिक योग्यता को जांचा जाएगा। इसमें 90 प्रश्न होंगे और सभी 1-1 नंबर के होंगे। दूसरे चरण में सामान्य परीक्षा होगी। इसमें भी 90 प्रश्न एक-एक नंबर के होंगे। इसमें सामाजिक विज्ञान के 35, गणित के 20 व विज्ञान के 35 प्रश्न होंगे। दोनों भागों में प्रत्येक प्रश्न होंगे। परीक्षा 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी।
जिलावार हुए पंजीकरण-
अंबाला-2906
भिवानी-1323
चरखीदादरी-785
फरीदाबाद-917
फतेहाबाद-1780
गुरुग्राम-2548
हिसार-2427
झज्जर-793
जींद-2129
कैथल-1756
करनाल-2337
कुरुक्षेत्र-1806
महेंद्रगढ़-1208
नूंह-966
पलवल-1243
पंचकुला-961
पानीपत-3085
रेवाड़ी-1450
रोहतक-1068
सिरसा-2599
सोनीपत-2057
यमुनानगर-1333
राजकीय अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी राष्ट्रीय साधन और योग्यता छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अक्तूबर को संपन्न होगी। जिले में अब तक 3100 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। पंजीकरण करवाने के मामले में पानीपत पहले स्थान पर पहुंच चुका है। 30 नवंबर को परीक्षा करवाई जाएगी। पूरे प्रदेश में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत