पानीपत। शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण योजना मिशन बुनियाद और सुपर-100 (2026-28) कार्यक्रम के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 13 नवंबर से शुरू हो चुकी है। मिशन बुनियाद लेवल-1 का परिणाम जारी होने के बाद अब दूसरे चरण की परीक्षा की तैयारी की जा रही है। शेड्यूल के अनुसार लेवल-2 की परीक्षा 30 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
वहीं, सुपर-100 कार्यक्रम के लिए रविवार दोपहर बाद तक प्रदेश में 48624 और पानीपत जिले में 4885 विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके हैं। यह जिला शिक्षा विभाग के प्रयास और जागरूकता अभियानों का परिणाम है कि पंजीकरण करवाने के मामले में जिला पानीपत प्रदेश में टॉप स्थान पर है। खंड स्तर पर भी पानीपत खंड 1508 पंजीकरण के साथ प्रदेश में टॉप पर है।
शिक्षा अधिकारियों का मानना है कि सुपर-100 के लिए अंतिम तिथि तक 6000 से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण करवा लिया जाएगा, इसके लिए विद्यार्थियों को लगातार प्रेरित कर मार्गदर्शन किया जा रहा है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार सुपर-100 के लिए विद्यार्थी 09 फरवरी तक पंजीकरण करवा सकते हैं। लेवल-1 की परीक्षा 11 फरवरी को आयोजित की जाएगी। सुपर-100 कार्यक्रम के लिए वर्तमान में 10वीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी जो फरवरी-मार्च 2026 में 10वीं की परीक्षा देंगे, आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम के लिए पिछली कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। 60 प्रतिशत से कम वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना ऐच्छिक होगा। संवाद