कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को तीनों कृषि कानूनों के विरोध में गांव सिवाह से लेकर पानीपत की अनाज मंडी तक ट्रैक्टर यात्रा निकाली। ट्रैक्टर यात्रा को प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल और प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रैक्टर यात्रा के समापन पर अनाज मंडी में जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में पहुंचने पर पानीपत अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान एवं कांग्रेस नेता धर्मबीर मलिक ने प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा, विधायक बिशन लाल सैनी, जगबीर मलिक, किरण चौधरी आदि का चादर व शाल देकर स्वागत किया गया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि तीनों काले कानूनों के विरोध में बरोदा की जनता ने अपना फैसला दे दिया है। बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत ने साबित कर दिया कि अब भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। कुमारी सैलजा ने पानीपत व सोनीपत में जहरीली शराब से हुई मौतों पर कहा कि प्रदेश में शराब माफिया सक्रिय हैं और एसआईटी का गठन करने से कुछ होने वाला नहीं है। सरकार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिये। इस अवसर पर विधायक धर्म सिंह छौक्कर, बिशन लाल सैनी, जगबीर मलिक, किरण चौधरी, जिला संयोजक बिजेंद्र सिंह कादियान आदि मौजूद रहे।