बरोदा उप चुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के कार्यकर्ताओं की बदौलत योगेश्वर दत्त को 50 हजार से अधिक मत मिले हैं, इसे गठबंधन प्रत्याशी की हार नहीं कहा जा सकता। कांग्रेस के पास यह सीट पहले से थी, इसलिए कांग्रेस के पास दोबारा जाना कोई बड़ी बात नहीं है। यह बातें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पत्रकारवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोकल लागों को रोजगार देने के लिए प्राईवेट उद्योगों में 75 प्रतिशत आरक्षण देने से जहां हरियाणा के युवाओं को रोजगार मिलेगा वहीं उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। चौटाला बुधवार को पूर्व उपप्रधानमंत्री देवी लाल के संघर्ष के साथी रहे रामेश्वर दयाल दादा-पोता परिवार के गौतम राज सिंगला व शोभित सिंगला के यमुना एन्कलेव स्थित आवास पर पहुंचे।
दुष्यंत ने कहा कि मेरे दादा देवी लाल व रामेश्वर दयाल दादा पौता के बीच दोस्ती थी। इसलिए आज भी हमारा प्रेम व रिश्ता उसी प्रकार से परिवार के साथ है। दादा पौता परिवार की ओर से श्री हनुमान जी की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई। इस अवसर पर मेहुल जैन एडवोकेट, मुकेश मास्टर, रामलाल गोयल, बीपी गुप्ता, मनोहर गुप्ता, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान शेर सिंह खर्ब एडवोकेट, आदि उपस्थित रहे। वहीं चौटाला जजपा जिला व्यापार सैल के प्रधान धर्मेंद्र जावा के पिता त्रिलोक चन्द जावा के निधन पर शोक प्रकट करने विराट नगर स्थित आवास पर पहुंचे।