पानीपत। हम कठिन परेशानियों से गुजर कर कोरोना की दूसरी लहर से जीत की ओर हैं। इस बीच जिले ने 300 से अधिक लोगों को खोया है, जबकि 248 की मौत मई माह में ही हुई है। मई माह के पहले सप्ताह में कोरोना पीक पर था। पहले सप्ताह में हर डेढ़ मिनट में कोरोना एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले रहा था। तीन मिनट में एक व्यक्ति कोरोना पर जीत दर्ज कर रहा था। अब हालात सुधर रहे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, अब 22 मिनट में नया मरीज मिल रहा है, जबकि छह मिनट में एक व्यक्ति कोरोना को हरा रहा है। मई के पहले सप्ताह में हालात इस कदर बिगड़ गए थे कि हर 42 मिनट में एक व्यक्ति कोरोना से जंग हार रहा था, अब छह घंटे में एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो रही है।
हालांकि मौत का आंकड़ा अब भी चिंताजनक है। पिछले सात दिनों में कोरोना के 67 की औसत से 471 मरीज मिले, पहले सप्ताह में ये औसत 614 थी। इन दिनों में 1851 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। ठीक होने की प्रतिदिन के हिसाब से औसत 264 है। पहले सप्ताह में ये औसत 215 थी। पिछले एक सप्ताह में स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 43 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। जबकि पहले सप्ताह में 51 लोगों की मौत हुई थी।
अब तक मात्र 27 प्रतिशत लोगों के हुए सैंपल
जिले में अब तक 27 प्रतिशत लोगों ने ही अपनी कोरोना जांच कराई है। जिले में पौने तीन लाख लोगों की जांच हुई है। इनमें से 10 प्रतिशत लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मई माह के पहले सप्ताह में हर पांच सैंपल में एक रोगी पॉजिटिव मिल रहा है। अब 100 सैंपल में तीन रोगी मिल रहे हैं। मई माह में कुल 9585 नए रोगी मिले हैं, जबकि 13961 लोगों ने कोरोना को मात दी है।
एक साल में मिले थे 11,119 मरीज, इन 70 दिनों में मिले 19,603 संक्रमित
कोरोना की दूसरी लहर तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। 18 मार्च 2020 से 18 मार्च 2021 तक जिले में कोरोना के प्रतिदिन 30 की औसत 11119 नए केस मिले थे। इन 70 दिनों में कोरोना के 285 की औसत से 19603 नए संक्रमित मिल चुके हैं। एक साल में सरकारी आंकड़ों के अनुसार 160 लोगों की कोरोना से मौत हुई थी। अब इन 70 दिन में ही 255 लोग कोरोना से जंग हार चुके हैं।
2.7 प्रतिशत पहुंचा डेथ रेट
जिले में हर रोज अब 555 की औसत से नए रोगी मिल रहे हैं। मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन पहले से कुछ हद तक राहत है। अब कोरोना के केस के अनुसार कोरोना से मरने वाले लोगों को डेथ रेट 2.7 प्रतिशत पहुंच चुका है।
पिछले एक सप्ताह में रोगियों का आंकड़ा
दिनांक नए रोगी ठीक हुए मौत
23 मई 88 237 6
24 मई 90 436 9
25 मई 94 355 15
26 मई 86 225 5
27 मई 82 318 3
28 मई 66 227 2
29 मई 25 58 3