समय पर वैक्सीन न मिलने से पानीपत जीटी बेल्ट के पांच जिलों में वैक्सीनेशन कार्यक्रम में पिछड़ गया है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, करनाल में पानीपत से अधिक वैक्सीनेशन हो चुका है। पानीपत में अंबाला और कुरुक्षेत्र से अधिक आबादी है और इन दोनों जिलों से अधिक कोरोना के मामले हैं। फिर भी अंबाला में पानीपत से दोगुना वैक्सीनेशन हो चुका है। पानीपत में टारगेट के अनुसार 14 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ है जबकि अंबाला में 23 प्रतिशत, करनाल में 20 प्रतिशत और कुरुक्षेत्र में 16 प्रतिशत वैक्सीनेशन हो चुका है। पानीपत के वैक्सीनेशन के मामले में पिछड़ने का मुख्य कारण समय पर वैक्सीन और निजी अस्पतालों का पर्याप्त सहयोग न मिलना है।
जिले में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के शुरू हुए 101 दिन हो चुके हैं, अब तक टारगेट का महज 14 प्रतिशत ही वैक्सीनेशन हुआ है। विभाग ने 18 से अधिक आयु वाले साढ़े आठ लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पानीपत वैक्सीनेशन के मामले में प्रदेश में 11वें स्थान पर है। विभाग अब तक उम्मीद के मुताबिक वैक्सीनेशन नहीं कर सका है। इसका मुख्य कारण वैक्सीन की कमी और अप्वाइंटमेंट लेने में लोगों को आ रही दिक्कत है। वैक्सीन लगवाने के मामले में युवाओं में जोश जरूर है। पिछले 28 दिन के दौरान प्रतिदिन 2295 की औसत से युवाओं ने वैक्सीन लगवाई है। महिलाएं भी वैक्सीनेशन कराने में पीछे नहीं हैं।
---
वैक्सीनेशन के परिणाम रहे हैं बेहतर
कोरोना वैक्सीनेशन के परिणाम भी बेहतरीन रहे हैं। अब तक 47 हजार लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। इनमें से 25 लोग ही ऐसे सामने आए, जो दोबारा संक्रमित हुए। इन लोगों को वायरस ज्यादा प्रभावित नहीं कर सका। पांच दिन में ही ये संक्रमित निगेटिव हो गए।
---
प्राइवेट अस्पतालों का वैक्सीनेशन में नहीं मिला साथ
स्वास्थ्य विभाग ने 16 फरवरी को अभियान के शुरुआत में ही निजी अस्पतालों के साथ बैठक कर वैक्सीनेशन करने के आदेश दिए थे, लेकिन निजी अस्पतालों ने न तो इसमें रुचि दिखाई और न ही लोग यहां वैक्सीनेशन के लिए पहुंचे। निजी अस्पतालों में महज साढ़े 5 हजार लोगों ने ही वैक्सीन लगवाई है।
---
विभाग को अब तक मिल चुकी है 2 लाख 25 हजार डोज
स्वास्थ्य विभाग को अब तक मुख्यालय की ओर से 2 लाख 25 हजार डोज मिल चुकी हैं। इसमें से एक हजार से अधिक डोज व्यर्थ हो गईं। अब भी विभाग के पास लगभग 10 हजार डोज बची हैं।
जिले का वैक्सीनेशन मीटर
अब तक 206674 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। इनमें 94196 पुरुष व 79343 महिलाएं शामिल हैं। अब तक 60 से अधिक आयु के 55961 बुजुर्गों ने 45-60 आयु वर्ग के 67275 लोगों ने 18-44 आयु वर्ग के 44500 लोगों ने अब तक वैक्सीन लगवाई है। अब तक 167870 लोगों को कोविशील्ड और 38804 लोगों को कोवाक्सीन लगाई गई है।
वर्जन
स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि हर व्यक्ति को वैक्सीन लगे। विभाग शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। विभाग के पास वैक्सीन की कमी नहीं है। लोगों का वैक्सीन को लेकर भ्रम धीरे-धीरे दूर हुआ है। वैक्सीन के बेहतरीन परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
- डॉ. मनीष पासी, नोडल अधिकारी, वैक्सीनेशन