पानीपत। पांच दोस्तों की पहल से वर्ष 2018 में शुरू हुआ पानीपत साइकिल क्लब आज शहर में स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का बड़ा अभियान बन चुका है। छह वर्षों में क्लब से करीब 250 लोग जुड़ चुके हैं लेकिन शहर में साइकिल चालकों के लिए अलग ट्रैक की सुविधा नहीं है, जिससे साइक्लिंग को बढ़ावा देने की कोशिशों को चुनौती मिल रही है।
बावजूद इसके क्लब के सदस्य न केवल शहर बल्कि आसपास के गांवों में भी साइक्लिंग के प्रति जागरूकता फैला रहे हैं। नतीजा, साप्ताहिक साइकिल यात्राओं के माध्यम से यह अभियान 40 गांवों तक पहुंच चुका है।
पानीपत साइकिल क्लब के संस्थापक सदस्य पवन अरोड़ा ने बताया कि क्लब की स्थापना पांच दोस्तों ने मिलकर इस उद्देश्य से की थी कि लोग अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग करें। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहेगा, बल्कि प्रदूषण और ईंधन की खपत भी कम होगी। उन्होंने बताया कि आज क्लब का कारवां 250 सदस्यों तक पहुंच चुका है।
क्लब के तीन प्रमुख अभियान
1. बाइक टू वर्क अभियान
इस अभियान के तहत लोगों को सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने कार्यस्थल तक साइकिल से जाने के लिए प्रेरित किया जाता है। क्लब के अधिकांश सदस्य स्वयं इस अभियान का पालन करते हैं। पवन अरोड़ा, जो एक बैंक में प्रबंधक हैं, सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय जाते हैं। उनके कई साथी भी इसी पहल को अपना रहे हैं।
2. मेरा गांव-मेरा देश अभियान
इस अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को क्लब के सदस्य साइकिल से आसपास के गांवों का दौरा करते हैं और ग्रामीणों को साइक्लिंग के लाभों के बारे में जागरूक करते हैं। क्लब अब तक करीब 40 गांवों में पहुंच चुका है और वहां लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण और ईंधन बचत के लिए साइकिल अपनाने का संदेश दे चुका है।
3. साइकिल चलाओ-सम्मान पाओ अभियान
यह वार्षिक अभियान साइक्लिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाया जाता है। इसमें नियमित साइकिल चलाने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाता है तथा लकी ड्रा के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहन भी दिया जाता है।
साइकिल चालकों के लिए सुविधाओं का अभाव
पानीपत साइकिल क्लब के चेयरमैन सतीश चुघ का कहना है कि शहर में साइकिल चालकों के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। अधिकांश सड़कों पर साइकिल ट्रैक नहीं बने हैं, जिससे साइकिल चालकों को भारी वाहनों के बीच सफर करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों पर अलग साइकिल ट्रैक बनाए जाने चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से साइक्लिंग कर सकें।
पानीपत साइकिल क्लब के प्रधान बृजमोहन शर्मा ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के दौर में साइक्लिंग सबसे बेहतर विकल्प बन सकती है। इससे प्रदूषण कम होगा, स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और लोगों का खर्च भी बचेगा। उन्होंने सरकार और नगर निगम से शहर में साइकिल ट्रैक विकसित करने की मांग की।
शहर की कई सड़कें संकरी हैं, लेकिन साइकिल चालकों के लिए अलग व्यवस्था की आवश्यकता है। सेक्टर-13-17 में इस दिशा में शुरुआत की गई है। भविष्य में अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। -कोमल सैनी, मेयर
साइकिल यात्रा निकालते पानीपत साइकिल क्लब के सदस्य। स्रोत : क्लब
साइकिल यात्रा निकालते पानीपत साइकिल क्लब के सदस्य। स्रोत : क्लब